छत्तीसगढ़ में
42 हजार से अधिक मछुआरों को मिली बीमा सुरक्षा
राज्य शासन द्वारा मछुआरों के लिए संचालित नि:शुल्क बीमा योजना
के तहत पिछले वर्ष
2007-08 में छत्तीसगढ़ के 42
हजार से अधिक मछुआरों का नि:शुल्क बीमा कराया
गया है। उल्लेखनीय है कि इसके पहले वर्ष 2006-07
में 44998 मछुआरों और
वर्ष 2005-06 में 32856
मछुआरों का नि:शुल्क बीमा कराया गया था।
मछली पालन विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इस योजना
में
18 से 65 वर्ष आयु तक
के मत्स्य कृषकों को शामिल किया जाता है। योजना की वार्षिक
बीमा प्रीमियम राशि की भरपाई केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा
समान अनुपात में किया जाता है। इस योजना के तहत दुर्घटना होने
पर बीमित हितग्राहियों को अपंग होने पर 25
हजार रूपए आर्थिक सहायता दी जाती है। इसी प्रकार स्थायी अपंगता
अथवा मृत्यु होने पर उसके परिवार के नामित व्यक्ति को
50 हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी जाती है।