राज्य शासन ने चालू वित्तीय वर्ष में राजनांदगांव तथा
अम्बिकापुर ( सरगुजा ) में नई पटवारी प्रशिक्षण शाला खोलने का
निर्णय लिया है। इसके लिए वर्ष
2008-09 के बजट में 10
लाख 96 हजार रूपए का प्रावधान भी किया
गया है।
राजस्व मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश सरकार
द्वारा किसानों के हित में पिछले वर्ष प्रत्येक दो ग्राम
पंचायत के बीच एक पटवारी हल्का प्रारंभ करने का निर्णय लिया
गया है। इस व्यवस्था के तहत एक हजार
820 नये पटवारी हल्कों का गठन किया गया। नवीन
पटवारी हल्कों की रिक्तियों की पूर्ति के लिए वित्तीय वर्ष
2007-08 में पटवारियों के 650
नये पद बनाए गए। चालू वित्तीय वर्ष में भी 650
नये पद सृजित किए जाएंगे।श्री
अग्रवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष
2007-08 में रायपुर और बिलासपुर में संचालित
पटवारी प्रशिक्षण शालाओं का उन्नयन किया गया। इन शालाओं के लिए
जरूरी भू सर्वे उपकरण तथा फर्नीचर की व्यवस्था भी की गई। इसके
अलावा पिछले वित्तीय वर्ष में ही बस्तर जिले के मुख्यालय
जगदलपुर में एक नई पटवारी प्रशिक्षण शाला की स्थापना की गई।
श्री अग्रवाल ने कहा कि पटवारी हल्कों के पुनर्गठन तथा
पटवारियों के नये पद सृजित होने के बाद प्रदेश में और ज्यादा
प्रशिक्षण शालाओं की जरूरत है, ताकि
अधिक से अधिक पटवारियों को प्रशिक्षण दिया जा सके। इस जरूरत के
अनुरूप दो नई प्रशिक्षण शाला प्रारंभ की जा रही हैं।