|
युवा कैरियर निर्माण योजना
राज्य शासन द्वारा अनुसूचित जातियों और जनजातियों के शिक्षित
बेरोजगारों के लिए संचालित युवा कैरियर निर्माण योजना के
अन्तर्गत अखिल भारतीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की
सत्र
2007-08 की नि:शुल्क कोचिंग जल्द शुरू होने जा
रही है। आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास विभाग के अधिकारियों
ने आज यहां बताया कि इस योजना के तहत कोचिंग में आगामी
01 जनवरी 2008 की
स्थिति में 21 वर्ष से 30
वर्ष तक आयु श्रेणी के न्यूनतम 50
प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक उपाधि प्राप्त
बेरोजगार शामिल हो सकते हैं। उनके परिवार की वार्षिक आमदनी एक
लाख रूपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। यह योजना संघ लोक सेवा आयोग,
राज्य लोक सेवा आयोग और अन्य अखिल भारतीय स्तर
की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित की जा रही
है।
चयनित आवेदकों को यह कोचिंग आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति
विकास विभाग के माध्यम से दिल्ली की एक कोचिंग संस्था
'दिल्ली कोचिंग सेन्टर'
द्वारा रायपुर में दी जाएगी। यह संस्था विभाग
द्वारा अनुबंधित है। चयनित आवेदकों को कोचिंग के दौरान
750 रूपए की मासिक शिष्यवृत्ति भी मिलेगी।
कोचिंग प्राप्त करने के इच्छुक बेरोजगारों से विभाग द्वारा
आवेदन-पत्र इस महीने की 20 तारीख तक
आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित प्रारूप में आवेदन आयुक्त आदिम
जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग (पंडित रविशंकर शुक्ल
विश्वविद्यालय परिसर) रायपुर के पते पर पंजीकृत डाक से भेजा जा
सकता है, अथवा स्वय आकर भी दिया जा
सकता है। चयनित आवेदकों के लिए कोचिंग की व्यवस्था राजधानी
रायपुर स्थित अखिल भारतीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में
की जाएगी।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि चयनित आवेदकों को कोचिंग अवधि
में नि:शुल्क पुस्तकालय और छात्रावास की भी सुविधा मिलेगी।
कोचिंग के लिए आवेदकों का चयन एक प्रवेश परीक्षा के माध्यम से
किया जाएगा। यह चयन परीक्षा इस महीने की तेईस तारीख को
निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में सवेरे
11 बजे से 01 बजे तक
आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रवेश पत्र 22
दिसम्बर को अपरान्ह तीन बजे से पांच बजे तक
आयुक्त आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग (पंडित
रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर) रायपुर के कार्यालय से
वितरित किए जाएंगे। यदि किन्ही अपरिहार्य कारणों से किसी आवेदक
को इस अवधि में प्रवेश-पत्र प्राप्त न हो सके तो उसे चयन
परीक्षा शुरू होने के दो घंटे पहले संबंधित परीक्षा केन्द्र पर
उपलब्ध करा दिया जाएगा। चयन परीक्षा का स्वरूप संघ लोक सेवा
आयोग तथा राज्य लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा के समान
होगा। योजना की विस्तृत जानकारी आयुक्त आदिम जाति एवं अनुसूचित
जाति विकास विभाग विभाग (पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय
परिसर) रायपुर के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

|