इंडियन न्यूज सर्विस

Indian News Service

   राष्ट्रीय समाचार एजेंसी

00 समाचार एवं विचार का दैनिक पत्र 00

 मुख्य पृष्ठ

  आंचलिक

  राष्ट्रीय

  अंतरराष्ट्रीय

  राजनीति

  क्रीडा

  समाज

  साहित्य

  प्रौद्योगिकी

  व्यक्तित्व

 लोक-अभिरुचि

  पर्यटन

  फीचर्स

  फोटोग्राफ

  वीडियो

 सदस्य कैसे बनें

 

 

 

 

राजधानी एक्सप्रेस में धमाका, पांच मरे

गुवाहाटी/जयपुर। असम के आदिवासी उग्रवादियों ने दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में आज तड़के एक शक्तिशाली बम विस्फोट कर दिया जिसमें पांच यात्री मारे गए और नौ अन्य घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर है, उन्हें दीमापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के पांच घंटे बाद दिल्ली-अहमदाबाद राजधानी एक्सप्रेस के 11 डिब्बे भी अजमेर के नजदीक पटरी से उतर गए। इसमें जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। अधिकारियों ने इसे एक महज दुर्घटना बताते हुए इसके पीछे आतंकवादी साजिश से इनकार किया है। उधर, केंद्र ने बम विस्फोट की जांच में मदद के लिए एक उच्चस्तरीय दल असम भेज रहा है। नार्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी त्रिकाल राभा ने बताया कि संदिग्ध आदिवासियों ने राजधानी एक्सप्रेस के सामान वाले डिब्बे से जुड़े कम्पार्टमेंट में सुबह 1.06 मिनट पर विस्फोट कराया। उस समय ट्रेन गोलाघाट जिले में सूंगाजन स्टेशन से दो किलोमीटर के फासले पर थी। उन्होंने बताया कि विस्फोट से पांच यात्रियों की मौत तत्काल हो गई। मारे गए यात्रियों की पहचान एसपी प्रसाद (24), एके झा (30), लक्ष्मण राय (20), सुदामा राय (45) तथा दिनेश्वर प्रसाद (19) के रूप में की गई है।
राभा ने बताया कि अमरनाथ सिंह, तापस राय, लक्ष्मण झा तथा प्रदीप चौधरी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें पड़ोसी नगालैंड के दीमापुर में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच अन्य यात्री मामूली रूप से घायल हुए जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
इस कम्पार्टमेंट में सवार 30 अन्य यात्रियों को ट्रेन के थ्री टायर एसी कम्पार्टमेंट में बिठाया गया तथा एक्सप्रेस सुबह छह बजे गुवाहाटी होते हुए दिल्ली के अपने आगे के सफर पर रवाना हो गई। इस बीच, नई दिल्ली में गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने बम विस्फोट की कड़ी निंदा करते हुए बताया कि जांच में सहयोग देने के लिए वे एक उच्चस्तरीय केंद्रीय दल असम भेज रहे हैं। उन्होंने स्थिति की करीब से निगरानी करने की बात कही और बताया कि गृह सचिव मधुकर गुप्ता ने स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य के मुख्य सचिव से बात की है। इस बीच, जयपुर में उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी के एल इंखिया ने बताया कि अजेमर डिविजन के सिरोही रोड और बनास रेलवे स्टेशन के बीच आज तड़के 2958 दिल्ली-अहमदाबाद राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। केवल इंजन और एसएलआर डिब्बे पलटने से बच गए। हालांकि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और शुरूआती जांच में आतंकवादी साजिश होने का भी कोई सबूत नहीं मिला है। इंखिया ने बताया कि यात्रियों को बनास रेलवे स्टेशन लाकर वातानुकूलित बसों एवं अन्य साधनों से उनके गंतव्य पर रवाना कर दिया गया। दुर्घटना के कारण मारवाड़ से अहमदाबाद के बीच चलने वाली चार ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है जबकि आठ ट्रेनों को अगली सूचना तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

 

कार्यालय

संपादक, इंडियन न्यूज़ सर्विस, बाम्बे मार्केट, रायपुर, छत्तीसगढ़, मोबाईल- 09329024410, फोन- 0771-4269875, ई-मेल- editorins@gmail.com

 

 

सर्वाधिकार सुरक्षित © www.indiannewsservice.com

वेब-डिजाइन - कामिनी इन्फार्मेटिक्स के लिए प्रशांत रथ