|
संसद पर हमले की बरसी,
शहीद की बेवा सरकार पर बरसी
नई
दिल्ली । संसद पर हुए हमले की छठी
बरसी पर आज फिर शहीदों को श्रद्धांजलि
दी गई। इस बार फर्क सिर्फ इतना था कि
श्रद्धांजलि सभा में एक शहीद की विधवा
ने सरकारी आश्वासन पूरे न होने का आरोप
लगाया। शहीदों के परिजनों ने सजायाफ्ता
अफजल को फांसी देने की भी मांग की। अफजल की
फांसी पर एक साल से चुप्पी साधे बैठी
सरकार ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा
है।
संसद भवन के गेट नम्बर
12
के समीप बने शहीद स्मारक को आज
फूलमालाओं से सजाया
गया। शहीदों की तस्वीरें भी लगाई गई।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह,
राज्यसभा सभापति
हामिद अंसारी,
लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी,
राहुल गांधी,
लालकृष्ण आडवाणी,
सुषमा
स्वराज आदि ने शहीदों को श्रद्धा सुमन
अर्पित किये। इस मौके पर संसद भवन परिसर में
रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इस
दौरान प्रधानमंत्री को उस समय अजीब स्थिति
का सामना करना पडा़ जब एक शहीद की विधवा
ने रोते हुए सरकार पर वादे पूरे नहीं करने
का आरोप लगाया। एएसआई नानक चंद की विधवा
विमला देवी कार्यक्रम के दौरान उठ खड़ी हुई
और कहा कि सरकार ने भूमि और पेट्रोल
पम्प देने का वादा पूरा नहीं किया है। हमारे
पास कुछ नहीं है और हमारी कोई सुनता
नहीं है। खाली श्रद्धांजलि देने से कुछ नहीं
होने वाला।
कार्यक्रम से बाहर आने के बाद भाजपा
नेता सुषमा स्वराज ने कहा कि गृह
मंत्री शिवराज पाटिल ने आश्वासन दिया है
कि शहीदों के परिजनों को सभी प्रकार की मदद
शीघ्र ही मुहैया कराई जाएगी। यह काम
अगले वर्ष तक पूरा हो जाएगा। शहीदों के
परिवारों के को मदद देने के वादे पूरे न
होने का मामला वाकई गंभीर है। इस मौके पर
शहीदों की विधवाओं ने संसद पर हमले के
मुख्य साजिशकर्ता अफजल को फांसी न लगाने पर
केंद्र सरकार की आलोचना की। एक विधवा ने
तो यहां तक कहा कि हमारी सारी सुविधा ले लो
लेकिन इस आतंकवादी को फांसी की सजा दो।
भाजपा ने अफजल को फांसी न देने पर सरकार पर
वोटबैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।
सरकार की तरफ से प्रियरंजन दासमुंशी ने
कहा कि कानून अपना काम करेगा। उन्होंने
अफजल को फांसी लगाने में देरी का आरोप लगाने
वाली भाजपा से पूछा कि राजीव गांधी के
हत्यारों को फांसी देने में उसने छह साल का
समय क्यों लिया। शहीद की विधवा का
पेट्रोल पंप न देने के आरोप पर श्री दासमुंशी ने
कहा कि सरकार उन्हें पंप देने के लिए
प्रतिबद्ध है लेकिन जमीन राज्य सरकारों को
देनी है। जिस जगह शहीद की विधवा पेट्रोल
पम्प की मांग कर रही है वहां जगह उपलब्ध
नहीं है।

|
 |