इंडियन न्यूज सर्विस

Indian News Service

   राष्ट्रीय समाचार एजेंसी

00 समाचार एवं विचार का दैनिक पत्र 00

 मुख्य पृष्ठ

  आंचलिक

  राष्ट्रीय

  अंतरराष्ट्रीय

  राजनीति

  क्रीडा

  समाज

  साहित्य

  प्रौद्योगिकी

  व्यक्तित्व

 लोक-अभिरुचि

  पर्यटन

  फीचर्स

  फोटोग्राफ

  वीडियो

 सदस्य कैसे बनें

 

 

 

 

भारतीय सौन्दर्य आज फिर कसौटी पर है ,साराह के नाजुक कंधों पर दारोमदार..

 

क्या साराह जेन भारत को मिस वर्ल्ड का छठा खिताब दिला पाएंगी? मुंबई की इस खूबसूरत बाला से देशवासियों को काफी उम्मीदें हैं। वह एक भारतीय टीवी चैनल की वीजे हैं। संगीत और अभिनय का शौक रखने वाली इस सुंदरी का मानना है कि 'ऐसी कोई भी चीज नहीं जिसे आदमी हासिल नहीं कर सकता।' तो ऐसे मजबूत इरादों वाली यह प्रोफेशनल गर्ल किसी भी क्षण कुछ भी कर गुजरने का माद्दा रखती हैं।

मुंबई में जन्मी साराह जेन का लालन-पालन मस्कट (ओमान) में हुआ। उनके पिता तेल के कारोबार से जुड़े हुए थे। वह 2001 में मुंबई लौटीं। उन्होंने मुम्बई यूनिवर्सिटी में सोशियोलॉजी की पढ़ाई की। फिर वह मीडिया प्रोफेशनल बन गईं।

भारत ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने का सिलसिला दशकों पहले तब शुरू कर दिया था, जब एशियाई मुल्कों में इसके प्रति कोई खास रुचि नहीं थी। सन् 1966 में रीता फारिया ने पहली बार मिस वर्ल्ड का ताज जीतकर भारत को गौरवान्वित किया था। फिर एक लंबा गैप रहा।

1994 में ऐश्वर्य राय ने जब यह खिताब अपनी झोली में किया तो जैसे भारत के भाग्य का पिटारा खुल गया। फिर तो लाइन लग गई। यह भारत के सौन्दर्य का ऐश्वर्य साल था। इसी साल सुष्मिता सेन ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था।

डायना हेडन 1997 में मिस वर्ल्ड बनीं। दो साल बाद यानी 1999 में युक्ता मुखी को यह गौरव हासिल हुआ। और अगले ही साल प्रियंका चोपड़ा ने अपने झंडे गाड़ दिए। लेकिन इसके बाद भारतीय सुंदरियां मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में कुछ खास नहीं कर पाई हैं। हर बार उम्मीद जगती है और बुझ जाती है। इस बार साराह के नाजुक कंधों पर दारोमदार है।

लेकिन कुछ हकीकतें भी बता दें। इस बार मिस वर्ल्ड के पहले पांच दावेदारों में मिस इंडिया साराह का नहीं, बल्कि मिस चीन चांग ची लिन (23), मिस मलेशिया डेबोरा प्रिया हेनरी (22) और मिस सिंगापुर रोशनी सबसे आगे चल रही हैं। वैसे, भारत को थोड़ी तसल्ली इस बात की हो सकती है कि देबोरा के पिता राज भारतीय हैं और रोशनी भी भारतीय मूल की हैं। अगर इन दोनों में से कोई मिस वर्ल्ड बनीं, तो भी कहा जा सकता है कि भारतीय सौन्दर्य ने ही बाजी मारी। और अगर साराह ने ताज पहन लिया, फिर तो पौ बारह है ही। इस बार भी चीन के हेनान द्वीप के सान्या शहर में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कुल 106 देशों की हसीनाएं अपने जलवे बिखेरेंगी। तो दिल थामकर कीजिए ग्रैंड शो का इंतजार!

कार्यालय

संपादक, इंडियन न्यूज़ सर्विस, बाम्बे मार्केट, रायपुर, छत्तीसगढ़, मोबाईल- 09329024410, फोन- 0771-4269875, ई-मेल- editorins@gmail.com

 

 

सर्वाधिकार सुरक्षित © www.indiannewsservice.com

वेब-डिजाइन - कामिनी इन्फार्मेटिक्स के लिए प्रशांत रथ