|
अन्तर्राष्ट्रीय विकलांग दिवस पर राज्य
स्तरीय नि:शक्तजन पुरस्कार समारोह एवं हास्य
प्रस्तुति का आयोजन
अन्तर्राष्ट्रीय विकलांग दिवस पर तीन दिसम्बर को समाज कल्याण
विभाग द्वारा राज्य स्तरीय नि:शक्तजन पुरस्कार समारोह एवं
राष्ट्रीय स्तर के लाफ्टर चैलेंज फेम कलाकारों की हास्य
प्रस्तुतियों का आयोजन मेडीकल कॉलेज रायपुर के प्रेक्षागृह में
शाम
7 बजे से किया जाएगा।
राज्यपाल श्री ई.एस.एल. नरसिम्हन समारोह के मुख्य अतिथि
होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह
करेंगे। इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष
श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय,
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन
अग्रवाल, लोक निर्माण राज्य मंत्री
श्री राजेश मूणत, समाज कल्याण राज्य
मंत्री सुश्री लता उसेंडी, संसदीय सचिव
श्रीमती रमशीला साहू, महापौर श्री
सुनील सोनी तथा आयुक्त नि:शक्तजन श्री प्रफुल्ल विश्वकर्मा
उपस्थित रहेंगे।
राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह में चार संवर्गों में सर्वोत्तम
नि:शक्त कर्मचारियों,
सर्वोत्तम नियोक्ताओं,
सर्वोत्तम स्वैच्छिक संस्थाओं तथा नि:शक्त व्यक्ति अधिनियम के
प्रावधानों के क्रियान्वयन के लिए सर्वश्रेष्ठ जिले को नगद
राशि, प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान
किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के नि:शक्त बच्चों द्वारा
सांस्कृतिक कार्यक्रम, राष्ट्रीय स्तर
के लाफ्टर चैलेंज फेम कलाकार श्री राजकुमार जावकर (राजा
रैंचों)एवं श्री जय छनियारा द्वारा हास्य प्रस्तुति और नि:शक्त
व्यक्तियों द्वारा उत्पादित वस्तुओं के प्रदर्शन एवं विक्रय
हेतु 'सामर्थ्य विकास मेला'
का भी आयोजन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा
प्रति वर्ष तीन दिसम्बर को अन्तर्राष्ट्रीय विकलांग दिवस पर
राज्य स्तरीय नि:शक्तजन पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया है।
वर्ष
2007 के लिए 69
प्रविष्ठियां प्राप्त हुई थी, जिनमें
से 10 प्रतिष्ठियों को राज्य स्तरीय
पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। इनमें श्री भोला सिंह जिला
कोरिया को सर्वोत्तम दृष्टिबाधित कर्मचारी,
श्री पवन अग्रवाल अम्बिकापुर को सर्वोत्तम
श्रवण वाधित कर्मचारी, कु. शबनम खातून
एवं श्री नंद किशोर गर्ग जिला सरगुजा को सर्वोत्तम अस्थि बाधित
कर्मचारी के रूप में चयनित किया गया है। इसी तरह सर्वोत्तम
नियोक्ता के लिए जनपद पंचायत गुण्डरदेही जिला दुर्ग को,
सर्वोत्तम संस्था (दृष्टि बाधित) के लिए मानव
जीवन ज्योति नेत्रहीन विद्यालय कुनकुरी जिला सरगुजा को,
सर्वोत्तम संस्था (श्रवण बाधित) के लिए प्रयाग
श्रवण विकलांग संस्थान सुपेला जिला दुर्ग को,
सर्वोत्तम संस्था (अस्थि बाधित) के लिए
होलीक्रास विकलांग सेवा पत्थलगांव जिला जशपुर को,
सर्वोत्तम संस्था (प्रमस्तिष्क अंगघात#बहुविकलांग)
के लिए बस्तर विकलांग सेवा समिति जगदलपुर को और नि:शक्त
व्यक्ति अधिनियम 1995 के प्रावधानों के
क्रियान्वयन के लिए कबीरधाम को सर्वश्रेष्ठ जिला के रूप में
चयनित किया गया है।

|