|
छत्तीसगढ़ लघुवेतन शासकीय कर्मचारी संघ की हड़ताल समाप्त
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रतिनिधि के रूप में राजस्व
मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल द्वारा लघु वेतन भोगी शासकीय
चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के संबंध में दिए
गए आश्वासन के बाद आज यहां छत्तीसगढ़ लघुवेतन शासकीय चतुर्थ
वर्ग संघ की अनिश्तिकालीन हड़ताल समाप्त कर दी गयी।
श्री अग्रवाल ने आज बूढ़ा तालाब के पास धरना स्थल पर लघुवेतन
भोगी शासकीय कर्मचारियों के बीच पहुंचकर बताया कि उच्चतम
न्यायालय के निर्णय के परिप्रेक्ष्य में पिछले दस वर्ष या उससे
अधिक अवधि से लगातार काम कर रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण के
आदेश हेतु प्रकरण मंत्रिपरिषद के समक्ष रखा जाएगा। इसी प्रकार
कर्मचारियों का बोनस तथा मेडिकल भत्ते की मांग के संबंध में
विधानसभा सत्र समाप्त होने के पश्चात परीक्षण कर निर्णय लिया
जाएगा। उन्होंने इन दोनों विषयों में राज्य शासन के सामान्य
प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश की प्रति भी संघ के
पदाधिकारियों को सौंपी। उल्लेखनीय है कि शनिवार को राजस्व
मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने स्वयं छत्तीसगढ़ लघुवेतन शासकीय
चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों को बुलाकर उनकी
मांगों के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद राजस्व मंत्री श्री
अग्रवाल ने संघ की मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. रमन
सिंह से चर्चा की।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल कर्मचारियों को
सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शासकीय
अधिकारियों-कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए
समय-समय पर यथोचित निर्णय लिए गए है। प्रदेश सरकार की लघुवेतन
भोगी शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों के प्रति पूरी सहानुभूति
है। इन कर्मचारियों की अन्य मांगों पर भी संवेदनशीलता से विचार
करने के बाद निर्णय लिया जाएगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि
शासन-प्रशासन के कार्यो के सुचारू संचालन में कर्मचारियों
खासकर छोटे कर्मचारियों का सहयोग जरूरी है। इस अवसर पर
छत्तीसगढ़ लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ के
प्रांताध्यक्ष श्री गजानंद मिश्रा,
संरक्षक श्री बी.डी.नाग सहित अन्य
पदाधिकारियों ने लघु वेतन शासकीय कर्मचारियों की मांगों एवं
समस्याओं के निराकरण की दिशा में जरूरी पहल करने के लिए राजस्व
मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। इन
पदाधिकारियों सहित सभी कर्मचारियों ने राज्य सरकार द्वारा उनके
हित में लिए गए निर्णय पर खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री
डॉ. रमन सिंह को भी हार्दिक धन्यवाद दिया।

|