|
नये साल जनवरी
2008 में जगदलपुर शहर नये रूप रंग में होगा
छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल बस्तर जिले का जिला मुख्यालय जगदलपुर
जो कि पूरे प्रदेश में चौक-चौराहों के शहर के नाम से विख्यात
है,
अब यह शहर आगामी गणतंत्र दिवस के पूर्व नई
साज-सज्जा और अपने नये रूप में लोगों को और भी आकर्षित करेगा।
क्योंकि इस शहर में जनप्रतिनिधियों के कुशल मार्गदर्शन में
जिला प्रशासन की विशेष पहल पर ''बस्तर-पैटर्न''
का अभिनव सौंदर्यीकरण महाभियान एक वर्ष से
संचालित है। इस एक वर्ष में शहर के रूप को निखारने के लिए जो
मेहनत की जा रही है,वह अब रंग लाने लगी
है और ऐसा हो भी क्यों नहीें, जब
कलेक्टर स्वयं ही सौंदर्यीकरण के इस काम को स्थानीय
जनप्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ लगातार निरीक्षण
और मॉनिटरिंग कर रहे हों। साथ ही लोगों की व्यापक जनसहभागिता
भी इसमें जुटी हो। एक वर्ष से चल रहे बस्तर पैटर्न के
सौंदर्यीकरण महाभियान से अब शहर में नयी चौड़ी-चौड़ी,
चमचमाती हुई सड़कें बन रहीं हैं। सड़कों के
किनारे दूधिया रोशनी के लिए बड़े-बड़े बिजली के खम्भे और उसमें
लगी हैलोजन और मरकरी लाईटें शहर के रूपरंग को निखारने में लगी
हैं। वहीं चौक-चौराहों के इस खूबसूरत शहर में सड़कों के दोनों
किनारों में ढंकी हुई पक्की नालियां भी बन रही हैं। ये सभी
कामकाज 30 दिसम्बर 2007
तक हर हालत में पूरी गुणवत्तापूर्ण ढंग से
पूर्ण कर लिए जाएंगे। ताकि नये साल जनवरी 2008
में जगदलपुर शहरवासियों को और जगदलपुर आने
वाले लोंगों को नये रूप में रूप निखार के साथ जगदलपुर शहर
देखने को मिलेगा। शहरवासी इसे लेकर गर्व भी महसूस कर रहे हैं।
''बस्तर पैटर्न'' के
सौंदर्यीकरण महाभियान के इस कार्य की इसी प्रगति और चल रहे
निर्माण कार्यों का अवलोकन करने के लिए निगम महापौर श्रीमती
गीतेश मल्ल, सभापति श्री योगेन्द्र
पांडे, अनेक वार्ड पार्षद और मीडिया
प्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर श्री गणेश शंकर मिश्रा और वरिष्ठ
पुलिस अधीक्षक श्री जी.पी.सिंह ने 3
दिसम्बर 2007 को जगदलपुर नगर का भ्रमण
और निरीक्षण किया।
कई किलोमीटर शहर में पैदल चले महापौर,
सभापति, कलेक्टर,
पुलिस अधीक्षक और आला अधिकारी
''बस्तर-पैटर्न'' के
सौंदर्यीकरण महाभियान अन्तर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों
का निरीक्षण और अवलोकन करने के लिए 3
दिसम्बर 2007 को प्रात: 10.30
बजे से ही नगर की महापौर ,
सभापति, कलेक्टर,
पुलिस अधीक्षक,
निर्माण विभाग के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधियों ने जगदलपुर
शहर में कई किलोमीटर की संयुक्त पदयात्रा की। निर्माण कार्यों
की प्रगति का निरीक्षण और अवलोकन करने की इस ''समीक्षा-
पदयात्रा'' के दौरान कई किलोमीटर के
फासले पैदल ही तय करते हुए पाई गई विसंगतियों और कमियों को दूर
करने के निेर्दश दिए गए। इस दौरान विशेषकर लोक निर्माण विभाग,
विद्युत मण्डल और नगरनिगम के अधिकारियों की
''क्लास'' भी
ली गयी। धीमी गति से चल रहे कामों के प्रति कलेक्टर ने गहन
असंतोष प्रकट करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को
फटकार भी लगायी।
ठेकेदार काम नहीं करेंगे,
तो होगी पैसों की कटौती
नगर भ्रमण के दौरान कलेक्टर,
पुलिस अधीक्षक और स्थानीय नगरनिगम के
प्रतिनिधियों ने सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के कार्य में धीमी
गति से काम कर रहे लोक निर्माण विभाग के द्वारा नियुक्त किए गए
ठेकेदारों को भी आड़े हाथों लिया गया। अधिकारियों और
जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को
निर्देशित किया कि यदि कोई ठेकेदार गुणवत्तापूर्ण ढंग से
समयसीमा में काम नहीं कर रहे हैं, तो
यह काम आप विभागीय रूप से स्वयं करें और उतनी राशि ठेकेदार को
भुगतान की जाने वाली राशि में से कटौती कर दें। कलेक्टर और
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा महापौर ने इस संदर्भ में लोक निर्माण
विभाग के साथ चल रहे मुख्य अभियंता श्री एन.के.यादव से चर्चा
भी की।
कलेक्टर ने मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग से कहा कि वे शहर
के पांच प्रमुख मार्गों पर चल रहे पी.डब्ल्यू.डी.के कार्यों की
प्रतिदिन समीक्षा करें तथा प्रगति की जानकारी से उन्हें भी
अवगत कराएं। उन्होंने निगम महापौर और सभापति से भी कहा कि वे
पी.डब्ल्यू.डी.के मुख्य अभियंता के द्वारा प्रतिदिन की जाने
वाली समीक्षा बैठक में शामिल होते हुए प्रगति की जानकारी
प्राप्त करें। ईधर काम कर रहे ठेकेदारों से भी अपेक्षा की गयी
है कि वे किसी प्रकार की बहानेबाजी न करें।
ज्ञात हो कि लोक निर्माण विभाग के मंत्री श्री राजेश मूणत ने
जिला प्रशासन से कहा है कि शहर के सौंदर्यीकरण से संबंधित
समस्त निर्माण कार्यों को
30 दिसम्बर 2007 तक हर
हालत में पूर्ण कर लिया जाए। यह कार्य गुणवत्ता ढंग से हों,
ताकि नये साल में कोई भी काम किसी भी स्थिति
में लम्बित न रहे। गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और
बस्तर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ.रमनसिंह सौंदर्यीकरण महाभियान
के अन्तर्गत पूर्ण हो चुके समस्त निर्माण कार्यों का जनवरी
2008 में लोकार्पण भी करेंगे। इसे
दृष्टिगत रखते हुए काम की गति में तेजी जाये जाने की आवश्यकता
प्रतिपादित की गयी है। अधिकारियों से कहा गया है कि वे अब साल
के इस अंतिम महिने में रात और दिन काम चलाएं। ताकि जनवरी माह
में कोई भी काम शेष न बचे।
मुख्यमंत्री द्वारा किये गये भूमिपूजन के पश्चात भी
एन.एम.डी.सी. द्वारा कार्य
शुरू नहीं करने पर कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यक्त की
गयी नाराजगी
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह ने विगत माहों में बस्तर
, जगदलपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रीय
राजमार्ग-43 से जगदलपुर शहर में प्रवेश
करने वाले आनंद ढाबा से कुम्हारपारा मार्ग में प्रवेश स्थल पर
एन.एम.डी.सी. द्वारा सौंदर्यीकरण
कार्य हेतु भूमिपूजन किया गया था। यह भूमिपूजन किए कई माह बीत
जाने के बाद भी उक्त स्थल पर एन.एम.डी.सी.द्वारा वर्तमान
स्थिति में अभी तक कोई भी कार्य आरंभ नहीं किए जाने को लेकर
कलेक्टर,
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और स्थानीय
जनप्रतिनिधियों ने गहन आक्रोश प्रकट किया और कहा कि यह कार्य
पूर्ण नहीं होने की स्थिति में एनएमडीसी की साख पर भी असर पड़
सकता है। अत: एनएमडीसी शहर के इस प्रवेश मार्ग का सौंदर्यीकरण
करने के लिए जो ''कमिटमेंट''
किए हैं, उसे
निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर लें तो बेहतर होगा। उन्होंने
एनएमडीसी के उपस्थित प्रतिनिधि अधिकारी को भी कहा कि इस कार्य
को तत्काल पूरा कराने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों और ''हेड
क्वार्टर'' से चर्चा करें।
आकाशवाणी के सामने की टूटेगी बाउण्ड्रीवॉल
नगर सौंदर्यीकरण अभियान के अन्तर्गत कलेक्टोरेट से जिला
न्यायालय तक के मार्ग में भी सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का
कार्य द्रुत गति से चल रहा है। कलेक्टर,
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और निगम के प्रतिनिधियों
ने आज इस मार्ग का भी निरीक्षण और अवलोकन किया। निरीक्षण और
अवलोकन के दौरान आकाशवाणी के सामने की बाउण्ड्रीवॉल अब तक नहीं
तोड़े जाने पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने निगम आयुक्त के
प्रति खिन्नता प्रकट करते हुए उन्हें निर्देशित किया कि इस
कार्य को वे अभी तक क्यों नहीं कर पाएं हैं। इसे तत्काल पूरा
करें, ''बाउण्ड्रीवॉल''
तोड़कर अन्दर की ओर निर्धारित दूरी पर आकाशवाणी
की ''बाउण्ड्रीवॉल''
बनाएं। कलेक्टर ने इसी तरह जिला न्यायालयय के
सामने चल रहे नाली निर्माण और सड़क चौड़ीकरण के कार्य का भी
निरीक्षण किया तथा निगम के अधिकारियों को इसे शीघ्रातिशीघ्र
पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने
चांदनी चौक से कलेक्टोरेट मार्ग होते हुए जिला न्यायालय तक के
सड़क मार्ग के निर्माण को 30 दिसम्बर
2007 तक हर हालत में पूर्ण कर लेने के
दिशा निर्देश लोक निर्माण और नगरनिगम के अधिकारियों को दिए
हैं। ज्ञात हो कि इस मार्ग में सड़क चौड़ीकरण के पश्चात डामरीकरण
का कार्य आरंभ हो गया है।
कुम्हारपारा तिराहे पर कलेक्टर की अनुमति के बिना नहीं लगेगें
कोई होर्डिंग्स
जगदलपुर शहर के ऐतिहासिक दण्डामी माड़िया चौक याने कुम्हारपारा
तिराहे में अब कलेक्टर की अनुमति के बिना कोई भी होर्डिंग्स
नगरनिगम द्वारा नहीं लगवाये जाएंगे। कलेक्टर श्री गणेश शंकर
मिश्रा ने उक्ताशय के निर्देश कुम्हारपारा तिराहे के निरीक्षण
के दौरान नगरनिगम को दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह शहर का सबसे
खूबसूरत और बड़ी मेहनत से तैयार किया जा रहा तिराहा है। इस स्थल
पर पुराने लगे हुए तमाम होर्डिग्स को शीघ्र हटाया जाए।
उन्होंने उक्त स्थल का भ्रमण और निरीक्षण करते हुए नगरनिगम को
यह भी निेर्देश दिए हैं कि
''एयरपोर्ट'' के
बाउण्ड्रीवॉल के किनारे लगे हुए होर्डिग्स को तत्काल हटाते हुए
यहां नाली निर्माण का कार्य पूरी तत्परता से शुरू कर दिया जाए।
कलेक्टर,
पुलिस अधीक्षक और निगम के पदाधिकारियों ने
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 से शहर
के प्रवेश मार्ग आनंद ढाबा मार्ग से कुम्हारपारा तिराहा और
कुम्हारपारा तिराहे से शहीद पार्क चौक तक लम्बी पदयात्रा करते
हुए सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य का बारिकी से मुआयना
किया। इसी तरह प्रशासन और निगम के प्रतिनिधियों ने मीडिया
प्रतिनिधियों के साथ ही शहर के अन्य प्रमुख मार्गो की भी
पदयात्रा करते हुए निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया।
इस दौरान बहुत सारे कार्यों में लोक निर्माण और विद्युत मण्डल
तथा नगरनिगम के कार्यों की शिथिलता और ठेकेदारों की ढिलाई भी
उजागर हुई, जिस पर नाराजगी प्रकट की
गयी ।
आनंद ढाबा से कुम्हारपारा तिराहे मार्ग में हुए वृक्षारोपण में
नगरनिगम विशेष ध्यान दें
शहर भ्रमण और अवलोकन के दौरान कलेक्टर और निगम की महापौर और
सभापति तथा मीडिया प्रतिनिधियों ने आनंद ढाबा से कुम्हारपारा
तिहारे मार्ग में
15 अगस्त 2007 को
विधानसभा उपाध्यक्ष के मुख्य आतिथ्य में हुए वृक्षारोपण का भी
निरीक्षण और अवलोकन किया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तथा
मीडिया प्रतिनिधियों ने कुम्हला रहे इन पौधों को देखकर नगरनिगम
से कहा कि यह वृक्षारोपण साधारण नहीं असाधारण है। इसका रख-रखाव
ठीक तरह से हो। इसके लिए निगम के अमले को निर्देशित किया गया
कि वे उक्त मार्ग में हुए वृक्षारोपण में सप्ताह में कम से दो
से तीन दिन सुबह-शाम पानी डालें।
अग्रसेन तिराहे से चित्रकोट मार्ग में भी इसी तरह भ्रमण कर
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने चल रहे कामों की पड़ताल की तथा
संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पनामा चौक से चांदनी चौक में नाली निर्माण
का कार्य
15 दिसम्बर 2007 तक
पूर्ण करने के निेर्दश दिए। इस मार्ग में लोक निर्माण विभाग को
कहा गया कि वे 15 दिसम्बर2007
तक डामरीकरण का कार्य कर लें। नगरनिगम को
निर्देशित किया गया कि उक्त मार्ग में मार्ग विभाजक,''डिवाईडर''
में ''पेंटिंग''
का कार्य 15 दिसम्बर
2007 तक पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के
दौरान वन संरक्षक कार्यालय से नयापारा रोड में पुलिया शीघ्र
बनाये जाने हेतु निर्देशित किया गया। बस्तर हाईस्कूल से
कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र के सामने की दीवार तोड़कर नया
दीवार बनाने का कार्य तत्काल प्रारंभ करने हेतु कहा गया। इसी
तरह मेडीकल कॉलेज और महारानी अस्पताल तथा सुलभ शौचालय के पास
के नाली निर्माण और बाउण्ड्रीवॉल निर्माण के कार्य को तत्काल
पूर्ण करने के निर्देश दिए गए । चांदनी चौक में टेलीफोन के
केबल हटाने और चांदनी चौक से शहीद पार्क के विद्युत पोल को
हटाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया
गया।
पुराना बस स्टेंड से शहीद पार्क मार्ग में नाली निर्माण
निर्माण के कार्य को भी
15 दिसम्बर 2007 तक
पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। शहीद पार्क के सामने के बड़े
प्रवेश गेट के स्थान पर नया सुंदर गेट लगाये जाने के निर्देश
दिए गए और कहा कि उक्त प्रवेश गेट में उपर ''आर्च''
लगायें ताकि शहीद पार्क का प्रवेश और भी अच्छा
लगे। निगम अधिकारियों को कहा गया कि वे ''दण्डामी-माड़िया''
चौक से कोतवाली तक नाली के निर्माण का कार्य
30 दिसम्बर 2007
तक हर हालत में पूरा कर लें। इंकमटेक्स ऑफिस
के सामने नाली निर्माण के ''एलाईमेंट''
को भी ठीक करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
शहीद पार्क से दण्डामी माड़िया तिराहे तक सड़क चौड़ीकरण की धीमी
गति में तेजी जाये जाने हेतु लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों
को निर्देशित देते हुए निगम के अधिकारियों को कहा गया कि वे
इसके साथ ही साथ नाली निर्माण का कार्य प्रारंभ करें। शहीद
पार्क चौक में नेताजी की प्रतिमा के पीछे जो फव्वारा लगा है
उसे हटाकर ''एलायमेंट''
सेट करते हुए उसे सौंदर्यीकृत रूप में स्थापित
करें। चित्रकोट मार्ग में बजरंग राईस मिल के आगे सड़क चौड़ीकरण
का कार्य 30 दिसम्बर 2007
तक पूर्ण करने तथा उक्त मार्ग में 5
दिसम्बर 2007 तक विद्युत पोल शिफ्टिग
करने विद्युत मण्डल के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

|