|
नंदनवन को मिनी जू का दर्जा
वन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण
मंत्रालय द्वारा नंदनवन को चिड़ियाघर (मिनी जू) का दर्जा दिए
जाने के परिप्रेक्ष्य में विभाग के अधिकारियों को आवश्यक
तैयारी तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। श्री अग्रवाल ने
अधिकारियों से कहा कि केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के
निर्देशों एवं शर्तों का पूर्णत: पालन करने सभी जरूरी कदम उठाए
जाएं। इसके साथ ही नंदनवन को मिनी जू के रूप में विकसित करने
के लिए केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से धनराशि प्राप्त करने
भी कार्यवाही की जाए।
उल्लेखनीय है कि वन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की मंशानुरूप
लगभग एक वर्ष पूर्व नंदनवन को मिनी जू का दर्जा दिलाने
केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण को वन विभाग द्वारा प्रस्ताव
भेजा गया था। केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण द्वारा राज्य शासन
के प्रस्ताव को विभिन्न शर्तों का पालन नहीं करने के कारण
खारिज कर दिया गया था। वन मंत्री को इस बात की जानकारी मिलने
पर उन्होंने विभाग के अधिकारियों को प्राधिकरण के निर्देशों
एवं शर्तों के पालन के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे।
इस कार्यवाही के तहत नंदनवन की दीवार,
इनक्लोजर तथा अन्य कार्य कराए गए। इसके बाद वन
मंत्री के निर्देश पर केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के
समक्ष इस मामले में अपील की गयी। केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण
मंत्रालय द्वारा राज्य शासन की अपील को मंजूर करते हुए नंदनवन
को प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए चिड़ियाघर के रूप में
मान्यता दी गयी है। इसके बाद मान्यता की अवधि बढ़ायी जाएगी।

|